ChhattisgarhCrimeRegion

5 लाख के जेवरात के साथ हैदराबाद से शेट्टी गैंग के 3 चोर गिरफ्तार, दो की तलाश जारी

Share

राजनांदगांव। एक ही रात में तीन जगह चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले शेट्टी गैंग के तीन आदतन आरोपियों को राजनांदगांव पुलिस ने हैदराबाद से गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अब भी फरार हैं। आरोपियों के कब्जे से लगभग पांच लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात के साथ घटना में प्रयुक्त चाकू को भी पुलिस ने जब्त किया है।
थाना बसंतपुर में बीते 14 मार्च को जीवन-ए कालोनी निवासी प्रार्थिया की शिकायत पर मामला दर्ज हुआ था। प्रार्थिया ने बताया था कि देर रात तीन बजे अज्ञात बदमाश घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे और डराकर आलमारी में रखे जेवरात पार कर दिए। इसी रात लक्ष्मी नगर से बाइक और बी कालोनी में भी चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए बसंतपुर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल से लेकर शहर के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच में आरोपियों के दुर्ग की ओर जाने के संकेत मिले। आरोपियों ने चोरी किया वाहन दुर्ग में ही लावारिस छोड़ दिया था। इसके बाद दुर्ग-भिलाई, रायपुर और बिलासपुर तक तकनीकी विश्लेषण कर उनकी लोकेशन हैदराबाद में ट्रेस की गई।
पुलिस टीम हैदराबाद पहुंची और दो दिन की घेराबंदी के बाद तीन आरोपियों शशी कुमार (23), शेट्टी विजय (45) और शेट्टी सूर्या (31) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपितों ने राजनांदगांव में एक ही रात तीन स्थानों पर चोरी करना कबूल किया। साथ ही बिलासपुर के सरकंडा थाना और मोपका चौकी क्षेत्र में भी चोरी की वारदात करना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से चांदी के दिए, कटोरे, बिछिया, कान के टाप्स, कड़ा, बाजूबंद, सोने के टाप्स और लॉकेट समेत अन्य जेवरात बरामद किए हैं। बरामद सामान की कुल कीमत करीब पांच लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी जब्त किया गया है। तीनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button