
बलरामपुर। वन विभाग ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय वन्यजीव तस्कर गिरोह के 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से तेंदुए की 2 खाल बरामद की गई है। जानकारी के अनुसार वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो मध्य क्षेत्र भोपाल, राज्य उड़नदस्ता रायपुर और वनमंडल बलरामपुर की संयुक्त टीम ने 2 अप्रैल को यह कार्रवाई की।
टीम ने थाना बसंतपुर क्षेत्र के ग्राम जमई मोड़ के पास बाइक सवार दो लोगों को रोककर पूछताछ की। तलाशी लेने पर उनके पास से तेन्दुआ की एक खाल बरामद हुई। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर अन्य आरोपियों को भी पकड़ा गया, जिनके पास से एक और खाल जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपी झारखंड, उत्तरप्रदेश और छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के निवासी बताए जा रहे हैं। जो अंतरराज्यीय स्तर पर वन्यजीव तस्करी में संलिप्त थे। आरोपियों के खिलाफ वन अपराध प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपियों के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।





