एसीएम कैडर के 6 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

कांकेर। राजनांदगांव-कांकेर बॉर्डर डिवीजन के 5 नक्सली कैडर एवं मिलिट्री कंपनी नंबर-5 की एक नक्सली सहित कुल 6 नक्सलियों ने गुरूवार को अपने साथ एक एसएलआर रायफल, दो 303 रायफल के साथ कांकेर एसपी कार्यालय में आत्मसमर्पण कर दिया है। उल्लेखनीय है कि सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर पिछले 26 महीनों में 2700 से अधिक नक्सली कैडर मुख्यधारा में शामिल हो चुके हैं।
इसकी पुष्टि करते हुए कांकेर एसपी निखिल राखेचा ने बताया कि कांकेर जिला अंतर्गत एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम के रूप में आज गुरूवार को राजनांदगांव-कांकेर बॉर्डर डिवीजन के 5 नक्सली कैडर में एसीएम मंगेश पोडियमी, एसीएम गणेश उइके, एसीएम राजे, एसीएम हिडमे मरकाम उर्फ सुनीता, एसीएम मंगती जुर्री एवं मिलिट्री कंपनी-5 के स्वरूपा उसेंडी ने हिंसा का मार्ग त्यागकर मुख्यधारा में शामिल होने का निर्णय लिया है। पुनर्वास हेतु आगे आए इन नक्सली कैडरों द्वारा कुल 3 हथियारों के साथ आत्मसमर्पण किया गया है, जिसमें 1 नग एसएलआर तथा 2 नग .303 राइफल शामिल हैं। उन्होने बताया कि उक्त 6 नक्सली कैडर जिन्होंने पुनर्वास का मार्ग चुना है, उनके सामाजिक मुख्यधारा में पुन: एकीकरण तथा हथियारों की औपचारिक सुपुर्दगी आदि की कार्रवाई संपूर्ण प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
बस्तर आईजी सुन्दरराज पट्टलिंगम ने एक बार पुन: शेष बचे कुछ माओवादी कैडरों से हिंसा त्यागकर मुख्यधारा में शामिल होने की अपील दोहराई है। उन्होंने कहा कि जो कैडर शांतिपूर्ण एवं सम्मानजनक जीवन जीने के लिए आगे आएंगे, उन्हें पुनर्वास नीति के अंतर्गत सभी प्रकार की सहायता प्रदान की जाएगी।







