Chhattisgarh
पुलिस ने रसल एक्का गैंग का भंडाफोड़ किया, 7 आरोपी गिरफ्तार

नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में चिरमिरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय कुख्यात रसल एक्का गैंग का भंडाफोड़ करते हुए पूरे नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया है। इस कार्रवाई में गिरोह के मास्टरमाइंड रसल एक्का समेत कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। जांच में यह खुलासा हुआ कि यह गिरोह ATM और डिजिटल ट्रांजेक्शन के जरिए नशीले इंजेक्शनों के अवैध कारोबार का पैसा संचालित कर रहा था, जिससे सप्लाई चेन और पूरे फाइनेंशियल नेटवर्क को छुपाया जा रहा था। नशे का सामान हैदराबाद से सरगुजा संभाग तक सप्लाई किया जा रहा था। पुलिस ने पहले रसल एक्का को रायपुर से गिरफ्तार किया, जिसके पूछताछ में पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वैंदला वासु (हैदराबाद) और रजत कुमार (सूरजपुर) को भी गिरफ्तार कर लिया।







