ChhattisgarhCrimeRegion

पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर रची पति की हत्या की साजिश, 4 गिरफ्तार

Share

रायपुर। ग्राम खसेरा निवासी 27 वर्षीय किशोर सारथी की हत्या के मामले में खरोरा थाना पुलिस ने चंद घंटों में ही राजफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पत्नी ने ही अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और उसे अंजाम दिया। आरोपियों में लिलेश उर्फ मुरू उर्फ कुलदीप और मृतक की पत्नी शामिल हैं। हत्या को सड़क दुर्घटना का रूप देने के लिए थार वाहन से टक्कर मारकर साजिश रची गई थी। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त थार वाहन को जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 28 फरवरी को मृतक के भाई भागवत सारथी ने सूचना दी कि ग्राम मांठ स्थित सागौन वाटिका के पास सड़क किनारे किशोर का शव संदिग्ध हालत में पड़ा है। डॉग स्क्वॉड और एफएसएल टीम की जांच के बाद हत्या का मामला दर्ज कर विशेष टीम गठित की गई। जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी का लिलेश से प्रेम संबंध है। इस बात को लेकर दंपती के बीच विवाद होता था। साजिश के तहत 27 फरवरी की रात पत्नी ने बहन को लाने का बहाना बनाकर किशोर को घर से भेजा, जहां पहले से घात लगाए आरोपियों ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। साक्ष्यों के आधार पर हत्या और षड्यंत्र की धाराएं जोड़कर कार्रवाई की गई है।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button