शासकीय गाईडलाईन के ख़िलाफ़ संचालित 50 निजी नर्सिंग कॉलेजों में खामियां

रायपुर। शासकीय गाईडलाईन के विरूद्ध जनवरी, 2026 तक किन-किन नर्सिंग कॉलेजों पर क्या-क्या कार्यवाही की गई? गठित जांच/निरीक्षण समिति में कौन-कौन से अधिकारी सम्मिलित हैं? क्या इन नर्सिंग कॉलेजों पर मान्यता शर्तों के पालन नहीं किये जाने से इनकी मान्यता निरस्त करने संबंधी कार्यवाही भी प्रक्रियाधीन है? का मामला धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने विधानसभा में उठाया।
लोक स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने सदन में बताया कि 07.03.2025 के तारांकित प्रश्न संख्या 24 के उत्तर में यह सूचित किया गया था कि सरकारी दिशा-निर्देशों के विरुद्ध संचालित निजी नर्सिंग कॉलेजों के संचालन संबंधी प्राप्त शिकायतों पर जांच/निरीक्षण की कार्यवाही चल रही है। जांच/निरीक्षण की कार्यवाही पूरी होने के बाद, जांच समिति द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट में 78 निजी नर्सिंग कॉलेजों को उपयोगी पाया गया और शेष 50 निजी नर्सिंग कॉलेजों को निरीक्षण में पाई गई कमियों के आधार पर प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के तहत नोटिस जारी किए गए हैं। उत्तर प्राप्त होने पर नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।







