ChhattisgarhCrimeRegion

ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार फैक्ट्री कर्मी की मौत

Share

रायपुर। सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र स्थित अविनाश लॉजिस्टिक पार्क में शनिवार शाम तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार फैक्ट्री कर्मी को टक्कर मार दी। चोटें इतनी गंभीर थीं कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। घटना धरसींवा थाना क्षेत्र की है।
मृतक की पहचान बोधीराम चौहान (33) के रूप में हुई है, जो ग्राम बिछिया, सरायपाली का रहने वाला था। वह पिछले तीन साल से सिलतरा स्थित श्रीराम प्लास्ट (पाइप निर्माण इकाई) में मजदूरी कर रहा था। शनिवार शाम वह अपनी मोटरसाइकिल (सीजी 04 सीटी 8965) से किसी आवश्यक कार्य के लिए फैक्ट्री परिसर से बाहर निकला था। इसी दौरान ट्रक (सीजी 04 जे 5043) ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उसके सिर पर गंभीर चोट आई। फैक्ट्री के सुपरवाइजर और अन्य कर्मचारियों ने उसे तुरंत शहीद योगेंद्र शर्मा शासकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि बोधीराम दो भाइयों में छोटा था। कुछ साल पहले उसके बड़े भाई की भी सड़क हादसे में मौत हो चुकी थी। इसके बाद से वही पूरे परिवार का सहारा बना हुआ था। उसके वृद्ध माता-पिता—62 वर्षीय मां गणेशी बाई और 69 वर्षीय पिता हेमलाल चौहान—अब पूरी तरह असहाय हो गए हैं। पत्नी पद्मिनी चौहान (30) और तीन छोटे बच्चे करुणा (8), खिलेश्वरी (6) और रोहन (3) के सिर से भी सहारा उठ गया है। अचानक आई इस त्रासदी ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button