छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों का कहर: जांजगीर-चांपा और सूरजपुर में 2 की मौत

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा और सूरजपुर जिलों में हुए दो अलग-अलग भीषण सड़क हादसों में कुल दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा-बलौदा मेन रोड पर कोटगढ़ के पास सुबह करीब 5 बजे तेज रफ्तार तीन ट्रेलरों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिससे एक ट्रेलर में आग लग गई और चालक की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि एक अन्य चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, वहीं हादसे से कुछ समय तक यातायात भी बाधित रहा। दूसरी घटना सूरजपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के सुतिया नाला के पास हुई, जहां तेज रफ्तार पिकअप ने दो बाइक सवारों को टक्कर मार दी, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने पिकअप चालक की पिटाई कर दी, जो मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने वाहन जप्त कर जांच शुरू कर दी है।






