रेल यात्रियों को बड़ी राहत अंबिकापुर–दुर्ग एक्सप्रेस अब प्लेटफॉर्म-1 से चलेगी

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से यात्रा करने वाले रेल यात्रियों के लिए एक राहतभरी व्यवस्था लागू की गई है, जिसके तहत अब गाड़ी संख्या 18242 अंबिकापुर–दुर्ग एक्सप्रेस रायपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 से प्रस्थान करेगी। यह निर्णय दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि प्लेटफॉर्म बदलने की परेशानी और अनावश्यक भीड़भाड़ से बचा जा सके। इस संबंध में राज्य के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के कार्यालय द्वारा मंडल रेल प्रबंधक को पत्र लिखकर यात्रियों को हो रही व्यावहारिक कठिनाइयों से अवगत कराया गया था, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए रेलवे ने आवश्यक निर्देश जारी किए और व्यवस्था लागू कर दी। इस फैसले से अंबिकापुर, दुर्ग सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से आने-जाने वाले हजारों यात्रियों को लाभ मिलेगा, खासकर बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और भारी सामान के साथ यात्रा करने वालों को। प्लेटफॉर्म बदलने की झंझट खत्म होने से यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और समय की बचत सुनिश्चित होगी। इस अवसर पर मंत्री राजेश अग्रवाल ने रेलवे अधिकारियों का आभार जताते हुए कहा कि यात्रियों की सुविधा सरकार की प्राथमिकता है और जनहित से जुड़े ऐसे प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।







