साय कैबिनेट ने सुरक्षा, डिजिटल और विकास से जुड़े 9 बड़े फैसले किए

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में 4 फरवरी को हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में कई अहम फैसले लिए गए। बैठक में नशे पर नियंत्रण के लिए 10 जिलों में जिला स्तरीय एंटी नार्कोटिक्स टीम गठित करने और पुलिस मुख्यालय में 44 नए पदों के साथ विशेष शाखा स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) के गठन का निर्णय लिया गया। इसके अलावा, राज्य में उड़ान प्रशिक्षण संगठन (FTO) की स्थापना, नवाचार एवं स्टार्टअप नीति 2025-26 का अनुमोदन, 35 आवासीय कॉलोनियों का नगर निगमों को हस्तांतरण, नवा रायपुर में बहुमंजिला सरकारी भवन का निर्माण, सिरपुर एवं अरपा क्षेत्र में शासकीय भूमि आबंटन, छत्तीसगढ़ क्लाउड फर्स्ट नीति लागू करना और मोबाइल टावर योजना को स्वीकृति देने जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इन पहलों से राज्य में सुरक्षा, डिजिटल कनेक्टिविटी, स्टार्टअप विकास, शहरी योजनाओं और नागरिक सेवाओं में सुधार की उम्मीद है।







