भाजपा ने विनोद मालवी को किया निष्कासित, 6 साल की कार्रवाई

भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के गंभीर मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए डोंगर परासिया नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष विनोद मालवी को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है। यह कार्रवाई भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर की गई, जिसे भाजपा जिला अध्यक्ष शेषराव यादव द्वारा जारी आदेश के माध्यम से तत्काल प्रभाव से लागू किया गया। पार्टी का कहना है कि विनोद मालवी की गतिविधियों से संगठन की छवि को नुकसान पहुंचा है, जिसे गंभीर अनुशासनहीनता की श्रेणी में माना गया। निष्कासन आदेश में स्पष्ट किया गया है कि पार्टी में अनुशासन सर्वोपरि है और किसी भी स्तर पर अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बताया गया है कि बीते कुछ महीनों में पीआईसी में मनमाने बदलाव, दो सभापतियों को हटाकर नए बनाने, संगठन को विश्वास में न लेने, नगरपालिका के एक जनप्रतिनिधि की कथित जासूसी, आपसी बातचीत के ऑडियो वायरल कराने, कथित आपत्तिजनक और कमीशन से जुड़े ऑडियो सामने आने, भ्रष्टाचार के आरोप तथा नपा उपाध्यक्ष महेश सोमकुंवर द्वारा सीएमओ से की गई शिकायतों जैसे मामलों को पार्टी ने गंभीरता से लिया। नगर पालिका अध्यक्ष के निष्कासन से छिंदवाड़ा जिले की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।







