मुख्यमंत्री साय से केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम की सौजन्य मुलाकात

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने जुएल ओराम का छत्तीसगढ़ में स्वागत करते हुए उन्हें बस्तर आर्ट का प्रतीक चिन्ह और शॉल भेंट किया। दोनों नेताओं ने राज्य में आदिवासी समुदाय के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने ओराम को स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार सहित आदिवासी क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी दी और राज्य की समृद्ध जनजातीय संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रयासों के बारे में बताया। केंद्रीय मंत्री ओराम ने छत्तीसगढ़ में आदिवासी उत्थान के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। इस दौरान आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप, विधायक किरण देव और पुरंदर मिश्रा भी उपस्थित रहे।
 
  
 





