Chhattisgarh
इलाज के लिए अस्पताल पहुंची लड़की पर जर्जर छत का हिस्सा टूट कर गिरा

खैरागढ़। खैरागढ़ जिला बनने के बाद जिस सिविल अस्पताल खैरागढ़ से आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं की उम्मीदें थीं, वही अब अपनी जर्जर हालत से मरीजों की जिंदगी पर खतरा बन गया है। इलाज के लिए यहां भर्ती ग्राम आमदनी निवासी 20 वर्षीय दीपिका वर्मा गंभीर हादसे का शिकार हो गई। इलाज के दौरान पुराने भवन की छत का हिस्सा टूटकर उस पर गिर गया। दीपिका घायल हुई, फिलहाल उसकी हालत स्थिर है, लेकिन यह घटना प्रशासन की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े करती है। अस्पताल परिसर में नया भवन बनकर तैयार है, मगर नर्सों और स्टाफ की भारी कमी के कारण वहां वार्ड शुरू ही नहीं हो पाए। परिणामस्वरूप मरीजों को मजबूरी में 90 साल पुराने जर्जर भवन में भर्ती करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि पूरे जिला अस्पताल की व्यवस्था महज 7 नर्सों पर टिकी हुई है।
