ChhattisgarhPoliticsRegion

51 पार्षदों के साथ शपथ लेते ही मधुसूदन तीसरी पर बने राजनांदगांव के महापौर

Share


राजनांदगांव। 51 वार्डों के पार्षदों के साथ महापौर मधुसूदन यादव ने शनिवार को विधिवत रूप से शपथ ली। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संजय अग्रवाल ने उन्हें शपथ दिलाई और इसके साथ ही यादव तीसरी बार महापौर पद पर काबिज हो गए। स्थानीय गोविंदराम निर्मलकर आडिटोरियम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के मुख्य आतिथ्य में महापौर यादव और पार्षदों ने शपथ ली। सबसे पहले महापौर यादव ने शपथ ग्रहण किया। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला पार्षदों को शपथ दिलाई गई, फिर पुरूष पार्षदों ने विधिवत रूप से शपथ लिया।
विस अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि पार्षद राजनीति की पहली सीढी है, इसे कमतर नहीं आंकना चाहिए। उन्होंने खुद का उदाहरण देते हुए कहा कि पार्षद से उन्होंने राजनीति की शुरूआत की थी, बाद में वह केंद्रीय मंत्री व मुख्यमंत्री के पद तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव शहर आने वाले वर्षों में एक विकसित शहर में गिना जाएगा इसके लिए सभी मिलकर प्रयास करेंगे।
महापौर पद की शपथ ग्रहण करने के बाद लोगों को संबोधित करते यादव ने कहा कि एक बड़ी जीत के साथ जनता ने बड़ी जिम्मेदारी दी है। सभी मिलजुलकर काम करेंगे। जब उनका कार्यकाल समाप्ति की ओर होगा, तब शहर का एक अलग स्वरूप होगा। उन्होंने कहा कि एक विधायक होने के नाते डॉ. सिंह, सासद संतोष पांडे समेत अन्य प्रमुख लोगों के साथ मिलकर शहर का विकास होगा। उन्होंने कहा कि केंद्रीय और राज्य सरकार की योजनाओं के जरिये शहर की खूबसूरती पर कार्य होगा। इस अवसर पर पर्यवेक्षक व महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश एच. लाल, संतोष अग्रवाल, पूर्व महापौर द्वय हेमा देशमुख व नरेश डाकलिया, रामजी भारती, अशोक चौधरी, भरत वर्मा, सचिन बघेल, विक्रांत सिंह, अंजुम अल्वी, जितेन्द्र मुदलियार, धरसींवा के पूर्व विधायक देवजीभाई पटेल, श्रीकिशन खंडेलवाल, आसिफ अली समेत एसपी मोहित गर्ग, नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, उपायुक्त मोबिन अली व अन्य लोग बड़ी संख्या में शामिल थे।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button