Crime

युवक ने महिला को पेट्रोल डालकर लगायी आग, गिरफ्तार

Share

मध्यप्रदेश : खंडवा जिले में एक व्यक्ति ने अपने पिता के खिलाफ मामला वापस नहीं लेने पर 19 वर्षीय युवती पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी जिससे वह झुलस गयी। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

खंडवा के पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार राय ने बताया कि हमले में महिला 27 प्रतिशत झुलस गई है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। अधिकारी ने बताया कि आरोपी अर्जुन बलाई (22) ने महिला पर पेट्रोल डालकर उसे आग लगा दी। उन्होंने बताया कि उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया।

उन्होंने बताया कि महिला ने आरोप लगाया है कि अर्जुन उस पर अपने पिता मांगीलाल बलाई के खिलाफ मामला वापस लेने का दबाव बना रहा था। उन्होंने महिला के आरोपों के हवाले से बताया कि वह और आरोपी दूर के रिश्तेदार हैं तथा एक ही जाति के हैं।

उन्होंने बताया कि अर्जुन पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109 (1) (हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज किया गया है। राय ने बताया कि सात अक्टूबर को अर्जुन के पिता मांगीलाल ने महिला के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की और उसके कपड़े उतारने का प्रयास किया, जिसके बाद महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और महिला मजिस्ट्रेट ने उसका बयान दर्ज किया।

अधिकारी ने बताया कि मांगीलाल को गिरफ्तार करके उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि उसे अदालत में पेश किया गया जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया और एक दिन बाद आठ अक्टूबर को जमानत पर रिहा कर दिया गया।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button