सिवनी में दर्दनाक सड़क हादसा, मौके पर दो बाइक सवारों ने तोड़ा दम

मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना धनोरा थाना क्षेत्र के ग्राम थावरी के पास हुई, जहां तेज रफ्तार से आ रही तीन बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइकों के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे, जहां दो बाइक सवारों की घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े थे। सूचना मिलते ही धनोरा थाना पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची तथा घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद मृतकों के परिवारों और क्षेत्र में शोक का माहौल है।







