चलती ट्रेन में पत्थर मारकर फरार हुए आरोपी को रेलवे सुरक्षा बल ने सीसीटीवी की मदद से धर दबोचा

रायपुर। चलती ट्रेन में पत्थर मारकर यात्री को घायल करने वाले आरोपी को रेलवे सुरक्षा बल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तार कर लिया। उल्लेखनीय है कि शनिवार 27 जून को गाड़ी संख्या 12833 अहमदाबाद-हावड़ा एक्सप्रेस के दिव्यांग कोच में यात्रा कर रहे एक यात्री पर तुमसर रोड स्टेशन पर ट्रेन के प्रस्थान के बाद एक व्यक्ति द्वारा पत्थर फेंका गया, जिससे यात्री घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मंडल सुरक्षा आयुक्त चेतन दिलीपराव जिचकारने जांच टीम का गठन कर घटना की जांच प्रारंभ करते हुए विभिन्न स्टेशनों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का गहन विश्लेषण किया। जांच के दौरान नागपुर स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति की पहचान हुई।
घायल यात्री द्वारा संदिग्ध की पहचान किए जाने के बाद उसकी तस्वीर गुप्त सूत्रों के माध्यम से सत्यापन हेतु भेजी गई। प्राप्त सूचना के आधार पर टीम ने संदिग्ध के निवास स्थान पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज एवं फोटो का मिलान किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम यश वल्द प्रकाश बर्वे (23 वर्ष), निवासी रविदास नगर, तुमसर, जिला भंडारा बताया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि यात्रा के दौरान दिव्यांग कोच में सीट को लेकर उसकी एक यात्री से कहासुनी हुई थी। इसी विवाद के कारण गंतव्य स्टेशन तुमसर रोड पहुंचने के बाद ट्रेन के चलने पर उसने गुस्से में यात्री पर पत्थर फेंका। आरोपी के स्वीकारोक्ति बयान एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसे पूर्व में दर्ज रेल अधिनियम के अपराध में विधिवत गिरफ्तार कर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई।







