ChhattisgarhRegion

देवकीनंदन ठाकुर के श्रीमद्भागवत कथा में बिना तिलक के प्रवेश नहीं

Share


रायपुर। भोपाल में हुई कथा के दौरान कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर ने कथा आयोजकों से निवेदन किया था कि बिना तिलक के श्रद्धालुओं को प्रवेश नहीं दिया जाना चाहिए और इसका पालन करते हुए अंतरराष्ट्रीय वैश्य फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष योगेश अग्रवाल, प्रदेश महामंत्री एवं प्रवक्ता राजकुमार राठी एवं प्रदेश महामंत्री शिवरतन गुप्ता ने 8 से 14 जुलाई तक राजधानी रायपुर के इंडोर स्टेडियम में श्रीमद् भागवत कथा में बिना तिलक के श्रद्धालुओं के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है। श्रद्धालु चाहे तो कथा स्थल या अपने घर, मंदिर से तिलक लगाकर प्रवेश कर सकते है।
पत्रकारों से चर्चा करते हुए योगेश अग्रवाल ने बताया कि कथा रोजाना दोपहर को 3.30 से शाम को 7.30 बजे तक होगी और इसका सीधा प्रसारण आस्था टीवी और महाराज श्री के यूट्यूब चैनल पर किया जाएगा। कथा स्थल में प्रवेश करते ही श्रद्धालुओं को प्रसादी का वितरण कर दिया जाएगा क्योंकि कथा समाप्ति के बाद प्रसाद लेने के लिए भगदड़ की स्थिति निर्मित ना हो। कथा स्थल में प्रवेश पूरी तरह से नि:शुल्क रहेगा और इसके लिए चार प्रवेश द्वार वृंदावन, बरसाना, नंदगांव व गोकुल धाम बनाए गए है। कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर 7 जुलाई की शाम को 4 बजे नई दिल्ली से विमान के द्वारा राजधानी रायपुर की पावन धरती पर प्रवेश करेंगे जहां आयोजन समिति के पदाधिकारियों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। 8 जुलाई को कथा प्रारंभ होने से पहले प्रात: 9 बजे विशाल कलश यात्रा महामाया मंदिर से प्रारंभ होकर सदानी चौक, बुढ़ापारा होते हुए इनडोर स्टेडियम पहुंचेगी। कलश यात्रा में राउत नाचा, बैंड पार्टी व ढोल नगाडे एवं राधे कृष्ण की सजीव झांकी के साथ 5000 महिलाएं सिर पर कलश धारण कर पैदल चलेगी, कलश यात्रा का विभिन्न समाज द्वारा स्वागत किया जाएगा।
अग्रवाल ने बताया कि कथा श्रवण करने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह एवं मंत्री, सांसद व विधायक सहित पूरे प्रदेश के श्रद्धालु शामिल होंगे। पत्रकार वार्ता के दौरान संजय चौधरी, राजेश अग्रवाल, सुभाष साहू, अशोक गुप्ता, राजीव अवस्थी, दीपक गुप्ता, विनोद पहुआ, सुब्रत घोष, नवीन लोढ़ा उपस्थित रहे।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button