छग के दो मजदूरों को आतंकियों ने मारी गोली

रायपुर-नई दिल्ली। दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में शुक्रवार को पहलगाम जैसा हमला हुआ। आतंकवादियों ने ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे प्रवासी मजदूरों के नाम पूछे। फिर छत्तीसगढ़ के दो हिंदुओं को समूह से अलग करके गोली मार दी। हमले में एक मजदूर की मौके पर और दूसरे मजदूर की अस्पताल में मौत हो गई।
मारे गए युवक की पहचान 24 साल के दीपक रात्रे और 28 साल के भूपेंद्र के रूप में हुई है। अधिकारियों के अनुसार, हमला कुलगाम से करीब 20 किलोमीटर दूर केलाम में हुआ। इस दौरान 3-4 राउंड फायर किए गए। आतंकियों ने हमले से पहले रेकी करके ये इलाका चुना था।
घटना के समय वहां कई प्रवासी मजदूर मौजूद थे, लेकिन हिंदू सिर्फ यही दोनों थे। आतंकी हमले की खबर के तुरंत बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। गाडिय़ों की चेकिंग की जा रही है। वहीं पुलिस की गाडिय़ां आतंकियों की तलाश में जुट गई हैं।







