तीनों पेट्रोलियम कंपनियों ने कहा 15 अगस्त तक ई-केवाईसी नहीं कराया तो नहीं होगी गैस की ऑनलाइन बुकिंग

रायपुर। केंद्र सरकार की ओर से लगातार गैस सिलेंडर लेने वाले ग्राहकों से कहा रही है कि वे अपने कनेक्शन का सत्यापन करवा लें, लेकिन बार-बार की मोहलत के बाद भी लोग ये काम नहीं करवा रहे हैं। इस वजह से अब तीनों पेट्रोलियम कंपनियां बीपीसीएल, आईओसीएल और एचपीसीएल ने साफ कर दिया है कि 15 अगस्त तक ई-केवाईसी नहीं कराने वाले लोगों के सिलेंडरों की बुकिंग ऑनलाइन नहीं होगी। वे जब तक एजेंसी के पास या ऑनलाइन सत्यापन नहीं कराएंगे सिलेंडरों की डिलीवरी नहीं की जाएगी। सत्यापन नहीं कराने वाले ग्राहकों के खाते में एलपीजी की सब्सिडी भी जमा नहीं होगी।
रायपुर जिले में तीनों कंपनियों के करीब 3 लाख ग्राहक हैं। इनमें 90 प्रतिशत लोगों ने ई-केवाईसी करा ली है लेकिन 28 हजार से ज्यादा लोग ऐसे हैं जिन्होंने अभी तक सत्यापन नहीं कराया है। ये कनेक्शन कंपनी वालों के संदेह के भी दायरे में है। इन कनेक्शनों में दूसरे जिले या राज्यों में जाने वाले, जिनके नाम से कनेक्शन हैं उनकी मौत या एक ही नाम से ज्यादा कनेक्शन लेने वाले लोग शामिल हैं इसलिए अब समय सीमा तय कर दी गई है। 15 अगस्त के बाद से ऐसे कनेक्शनों की फिजिकल वैरिफिकेशन के साथ सत्यापन किया जाएगा। जिसमें भी गड़बड़ी मिली उन कनेक्शनों को तुरंत रद्द कर दिया जाएगा। यही वजह है कि एजेंसी वाले भी लोगों से बार-बार कह रहे हैं कि वे हर हाल में अपना सत्यापन करवा लें।







