बरसात से पहले सख्त तैयारी: 31 मई तक नाले-नालियों की सफाई और बाढ़ से बचाव के निर्देश

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने सभी नगर निकायों को निर्देश दिया है कि बरसात से पहले नाले-नालियों और ड्रेनेज सिस्टम की पूरी सफाई सुनिश्चित की जाए तथा जलभराव और बाढ़ जैसी स्थितियों से बचाव के लिए आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने समीक्षा बैठक में 31 मई तक बड़े नालों की सफाई पूर्ण करने और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं, साथ ही चेतावनी दी है कि जून के पहले सप्ताह में राज्य स्तरीय टीम द्वारा निरीक्षण किया जाएगा और कार्य संतोषजनक न मिलने पर संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई होगी। विभाग ने यह भी कहा है कि नालियों की गहराई से सफाई, जल निकासी मार्गों से अवरोध हटाना और अतिक्रमण समाप्त करना जरूरी है ताकि बारिश के दौरान पानी का प्रवाह बाधित न हो। इसके अलावा, सभी नगर निकायों को बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित कर 24 घंटे सक्रिय रखने, निचले और बाढ़ संभावित क्षेत्रों की पहचान करने, प्रभावित लोगों के लिए सुरक्षित स्थान तय करने और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। बरसात के दौरान फैलने वाली संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए सतर्कता बरतने तथा पेड़ों पर लगे साइन बोर्ड, विज्ञापन और ढीले बिजली तार जैसी खतरनाक वस्तुओं को हटाने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।






