अंबुजा मॉल में आज ‘फाइट नाइट’: छत्तीसगढ़–मध्यप्रदेश के बॉक्सर्स का रोमांचक मुकाबला

राजधानी रायपुर के अंबुजा मॉल में आज रात एक बड़ा बॉक्सिंग मुकाबला आयोजित होने जा रहा है, जहां छत्तीसगढ़ एमेच्योर बॉक्सिंग एसोसिएशन द्वारा रात 8:30 बजे से “फाइट नाइट दंगल” का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के बॉक्सर विभिन्न वजन वर्गों में आमने-सामने होंगे और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इस आयोजन को “रोड टू लॉस एंजेल्स 2028 ओलंपिक” से जोड़कर भी देखा जा रहा है, जिससे विजेता खिलाड़ियों को भविष्य में बड़े मंच पर पहचान बनाने का अवसर मिल सकता है। स्पर्धा के लिए इंडियन एमेच्योर बॉक्सिंग फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राकेश मिश्रा 24 अप्रैल को रायपुर पहुंच रहे हैं, जिनके स्वागत की तैयारी की जा रही है। साथ ही, प्रतियोगिता को तकनीकी रूप से सुदृढ़ बनाने के लिए 22 से 25 अप्रैल तक रेफरी और जज प्रशिक्षण कोर्स भी आयोजित किया जा रहा है। इस फाइट के विजेताओं को नकद राशि और अन्य पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा, जबकि प्रतियोगिता के पोस्टर का विमोचन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा पहले ही किया जा चुका है। प्रतियोगिता में राज्य की टीम से कुल 8 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जिनमें 5 पुरुष और 3 महिला बॉक्सर शामिल हैं।






