ChhattisgarhPoliticsRegion

प्रदेश प्रवक्ता चिमनानी ने किया खुलासा, पेपर लीक मामले का मास्टरमाइंड एनएसयूआई का ही सदस्य निकला

Share

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने छत्तीसगढ़ में पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला है। श्री चिमनानी ने कहा कि कांग्रेस का जो छात्र संगठन एनएसयूआई प्रदर्शन का ढोंग कर कार्रवाई की मांग कर रहा था, अब उस पूरे गोरखधंधे का सरगना उसी एनएसयूआई का ही सदस्य निकला है! भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री चिमनानी ने खुलासा किया कि पेपर लीक मामले के मास्टरमाइंड की तस्वीरें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व कृषि मंत्री रवीन्द्र चौबे और कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं के साथ वायरल हो रही हैं। यह स्पष्ट करता है कि इन तत्वों को कांग्रेस का खुला संरक्षण प्राप्त है।
चिमनानी ने कहा कि कांग्रेस जब सत्ता में थी, तब पीएससी जैसे बड़े घोटाले करके नौजवानों के भविष्य को चौपट किया गया। अब सत्ता से बाहर होने के बाद भी इनकी आदतें नहीं बदली हैं। इनके नेता और कार्यकर्ता अब पेपर लीक जैसे अपराधों में संलिप्त पाए जा रहे हैं। श्री चिमनानी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार में ऐसे अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने बताया कि एनएसयूआई के फरार नेता पर पुलिस ने 5हजार रुपए का इनाम भी घोषित कर दिया है और जल्द ही सभी दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। कांग्रेस के इस दोहरे चरित्र की कड़ी निंदा करते हुए श्री चिमनानी ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व को युवाओं के भविष्य के साथ किए गए इस खिलवाड़ के लिए जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। यदि कांग्रेस अपनी हरकतों से बाज नहीं आई तो प्रदेश की जनता उन्हें विलुप्त कर देगी।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button