राज्य मुख्य आयुक्त ने जिला संगठन आयुक्तों की बैठक में दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

रायपुर। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ के राज्य मुख्य आयुक्त श्री इंदरजीत सिंह खालसा की अध्यक्षता में जिला संगठन आयुक्तों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
राज्य मुख्य आयुक्त श्री खालसा ने सभी विद्यालयों में प्रार्थना सभा के दौरान राष्ट्रगीत का अनिवार्य रूप से गायन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संगठन के अंशदान की राशि 31 अगस्त तक अनिवार्य रूप से जमा कराने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यालय में दल संचालन के लिए कम से कम एक बेसिक स्काउट मास्टर एवं एक गाइड कैप्टन प्रशिक्षित होना आवश्यक है। साथ ही राज्य स्तर पर प्रत्येक जिले का भ्रमण कर स्काउट-गाइड गतिविधियों की समीक्षा किए जाने की जानकारी भी दी। उन्होंने ओवायएमएस पंजीयन कार्य को प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक जिले में कार्यशाला आयोजित करने तथा प्रत्येक विकासखंड में एक-एक समन्वयक नियुक्त करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही प्रत्येक जिला एवं विकासखंड स्तर पर वृहद वृक्षारोपण अभियान आयोजित करने तथा उसमें समाज एवं जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।







