बैकुंठपुर शहर समेत जिले में बिजली व्यवस्था सहित सड़क सुरक्षा को लेकर शहरवासियों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

बैकुंठपुर। जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में बिजली की चरमराती व्यवस्था और शहर की यातायात सुरक्षा को लेकर नागरिकों में कई समय से आक्रोश रहा है। गुरुवार 4 जून को स्थानीय लोगों ने कलेक्टर को अलग-अलग ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के तत्काल निराकरण की मांग की है ज्ञापन में उल्लेखित है कि यदि जिम्मेदार विभाग ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए, तो शहर की जनता सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी।
शहरवासियों का कहना है कि शहरी और ग्रामीण इलाकों में बिजली की स्थिति बदतर हो चुकी है। ज्ञापन में प्रमुख मांगें उठाई गई हैं। लोड टेस्टिंग और ट्रांसफार्मर: ट्रांसफार्मरों पर बढ़ते बोझ के कारण आए दिन उपकरण जलने की समस्या से मुक्ति के लिए उनकी क्षमता बढ़ाकर मानक स्तर के नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएं। शहर के मुख्य मार्गो पर लटकते जर्जर तार किसी भी समय बड़ी दुर्घटना को निमंत्रण दे रहे हैं। इन्हें बदलकर मानक स्तर के केबल लगाए जाएं।
मेंटेनेंस के नाम पर होने वाली अघोषित बिजली कटौती का कोई ठोस नतीजा नहीं दिख रहा। विभाग को मेंटेनेंस कार्यों की सार्वजनिक सूची जारी करनी चाहिए। संकट के समय बिजली कार्यालय में फोन न उठना विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाता है। जनता के लिए 24 घंटे कार्यरत टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर तत्काल शुरू किया जाए।







