गुरु पूर्णिमा पर निकलेगी भव्य शोभायात्रा, श्रावण मास में 31 दिनों तक होगा अखंड श्रीरामचरितमानस पाठ

रायपुर। श्रावण मास के पावन अवसर पर राजधानी रायपुर के बूढ़ापारा स्थित श्री हनुमान मंदिर, सप्रे शाला परिसर में इस वर्ष भी धार्मिक आस्था और भक्ति का भव्य संगम देखने को मिलेगा। श्रावण मास अखंड रामायण पाठ समिति, बूढ़ापारा रायपुर द्वारा आयोजित होने वाले इस धार्मिक आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। समिति ने श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
समिति के अध्यक्ष एवं संरक्षक मंडल के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम का शुभारंभ गुरु पूर्णिमा, 29 जुलाई 2026 (बुधवार) को शाम 5:30 बजे श्री हनुमान मंदिर, सप्रे शाला बूढ़ापारा से भव्य शोभायात्रा के साथ होगा। यह शोभायात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होकर निकलेगी, जिसमें भगवान श्रीराम दरबार की आकर्षक झांकी, भगवान श्रीराम की प्रतिमा, भजन-कीर्तन मंडलियां, डीजे, 21 महिलाओं की पारंपरिक कलश यात्रा तथा धार्मिक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। समिति के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी शोभायात्रा में शामिल होकर भगवान श्रीराम और हनुमानजी के जयकारे लगाएंगे।
समिति के अनुसार इस वर्ष अखंड श्रीरामचरितमानस पाठ का 26वां वर्ष है। शोभायात्रा के समापन के बाद मंदिर परिसर में विधि-विधान के साथ अखंड श्रीरामचरितमानस पाठ प्रारंभ होगा। पूरे श्रावण मास के दौरान श्रद्धालु चौबीसों घंटे श्रीरामचरितमानस के दोहे, चौपाइयों, छंदों एवं सोरठों का श्रवण कर सकेंगे। प्रतिदिन हवन, पूजन और आरती का आयोजन भी किया जाएगा। यह धार्मिक अनुष्ठान 28 अगस्त 2026, रक्षाबंधन के दिन संपन्न होगा। समापन अवसर पर पूर्णाहुति, हवन एवं विशेष पूजा-अर्चना के साथ अखंड पाठ का विधिवत समापन किया जाएगा। आयोजन के दौरान समिति द्वारा श्रद्धालुओं एवं पाठ करने वाले पंडितों के लिए भोजन-प्रसादी की भी समुचित व्यवस्था की गई है।
श्रावण मास अखंड रामायण पाठ समिति ने सभी श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे अपने परिवार सहित इस धार्मिक आयोजन में सहभागी बनें, शोभायात्रा की गरिमा बढ़ाएं तथा अखंड श्रीरामचरितमानस पाठ में शामिल होकर आध्यात्मिक पुण्य का लाभ प्राप्त करें। समिति का मानना है कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में सद्भाव, संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करने का कार्य करते हैं।







