ट्रिपल ई अभियान चलाकर सड़क सुरक्षा के लिए 100 पेड़ों पर लगाए रेडियम स्टिकर

कांकेर। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कांकेर पुलिस ने भानुप्रतापपुर अनुभाग में विशेष ट्रिपल ई (इंजीनियरिंग, प्रवर्तन, शिक्षा) अभियान चलाया। अभियान के तहत भानुप्रतापपुर परिवहन संघ के सहयोग से मुख्य मार्गों के किनारे स्थित लगभग 100 पेड़ों पर रेडियम स्टिकर लगाए गए। इससे रात के समय वाहन चालकों को मोड़ और सड़क किनारे की स्पष्ट पहचान हो सकेगी, इससे हादसों पर भी रोक लगेगी। पुलिस टीम ने ब्लैक स्पॉट्स का निरीक्षण किया। सुधार के लिए प्रतिवेदन भी तैयार किया गया है।
यातायात पुलिस और भानुप्रतापपुर थाना टीम ने संयुक्त रूप से वाहन जांच अभियान चलाया। बिना हेलमेट, सीट बेल्ट न लगाने, ट्रिपल राइडिंग, ओवरस्पीडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर दंडात्मक कार्रवाई की गई। चालकों को नियमों के पालन की समझाइश भी दी गई। विद्यार्थियों को दी यातायात व सुरक्षा की जानकारी शासकीय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में 200 से अधिक छात्र-छात्राओं को प्रोजेक्टर के माध्यम से ट्रैफिक रूल्स समझाए गए।
विद्यार्थियों को राहवीर योजना की जानकारी दी गई। बताया गया कि दुर्घटना पीडि़त को समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले मददगार को शासन द्वारा 25 हजार की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। कार्यक्रम में महिला रक्षा टीम ने बाल अपराध, गुड टच-बैड टच, साइबर सुरक्षा, अभिव्यक्ति एप के उपयोग के प्रति भी छात्र-छात्राओं को जागरूक किया। कांकेर पुलिस ने सभी नागरिकों से अनिवार्य रूप से हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करने की अपील की है।







