सिंहस्थ 2028 की तैयारी तेज: उज्जैन में रेलवे–प्रशासन का संयुक्त निरीक्षण, यात्रियों की सुविधाओं पर जोर

उज्जैन में “सिंहस्थ 2028” की तैयारियों को लेकर रेलवे और जिला प्रशासन ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। इस दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने रेलवे अधिकारियों के साथ ट्रेन कोच में बैठकर विभिन्न स्टेशनों का दौरा किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण में उज्जैन जंक्शन के साथ विक्रम नगर, पिंगलेश्वर, पंवासा, चिंतामन, नईखेड़ी और मोहनपुरा सहित कई स्टेशनों का भ्रमण किया गया। कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने बताया कि सिंहस्थ को ध्यान में रखते हुए सभी स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, जिसमें प्लेटफॉर्म विकास, फुटओवर ब्रिज, होल्डिंग एरिया, पेयजल और टॉयलेट जैसी मूलभूत सुविधाओं के कार्य तेजी से चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि रेलवे के कार्य अच्छी गति से आगे बढ़ रहे हैं और सभी तैयारी समय पर पूरी कर ली जाएगी। निरीक्षण के दौरान रेलवे और जिला प्रशासन के बीच समन्वय से जुड़े लंबित मुद्दों पर भी चर्चा हुई, जिनमें अधिकांश को मंजूरी मिल चुकी है और आवश्यक एनओसी भी जारी कर दी गई हैं। प्रशासन ने सिंहस्थ के दौरान ट्रेनों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए विस्तृत योजना तैयार की है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।







