लंबित निरीक्षण प्रतिवेदनों की होगी समीक्षा, 30 जुलाई को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग

रायपुर। विभिन्न विभागों में लंबित निरीक्षण प्रतिवेदनों के जल्द निराकरण के लिए मुख्य तकनीकी परीक्षक (सतर्कता) कार्यालय ने 30 जुलाई 2026 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक बुलाई है। बैठक में लंबे समय से लंबित मामलों की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
इस वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में जल संसाधन विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल, छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन लिमिटेड, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग, छत्तीसगढ़ ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारी शामिल होंगे।
सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने लंबित निरीक्षण प्रतिवेदनों की समीक्षा कर आवश्यक दस्तावेज और अनुपालन संबंधी जानकारी के साथ बैठक में शामिल हों। साथ ही, लंबित मामलों के जल्द से जल्द निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
मुख्य तकनीकी परीक्षक (सतर्कता) कार्यालय का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य निरीक्षण प्रतिवेदनों का समय पर निपटारा करना और विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है, ताकि लंबित प्रकरणों का शीघ्र समाधान हो सके।







