यात्री बस अनियंत्रित होकर पलटी 3 गंभीर, एक यात्री का हाथ कटकर अलग हुआ

कोंडागांव । जिले के थाना सिटी काेतवाली क्षेत्र अंर्तगत नेशनल हाईवे-30 पर घोड़ागांव और जोबा के बीच शनिवार सुबह 3 बजे तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। रायपुर से जगदलपुर आ रही दुबे ट्रैवल्स की यात्री बस (सीजी 04 EA 4882) अनियंत्रित होकर पलट गई। जब अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। बस पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार शुरू हो गई । हादसे में बस चालक सहित तीन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जबकि अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। घायलों में ड्राइवर रोशन साहू, यात्री अशद और नवीन शामिल हैं, जिनका उपचार जिला अस्पताल कोण्डागांव में जारी है।
बताया जा रहा है कि इस दुर्घटना में एक यात्री नवीन का हाथ कटकर अलग हो गया, जिसकी हालत नाजुक बनी हुई है। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल बस से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बस के सामने अचानक किसी जानवर के आ जाने से चालक नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह दुर्घटना हुई। हालांकि, पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।







