बॉर्डर पर पाकिस्तान की ड्रोन साजिश नाकाम, हथियारों की खेप बरामद

फाजिल्का। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के जरिए हथियार भेजने की एक और कोशिश सामने आई है। पंजाब के फाजिल्का जिले में टाहलीवाला गांव के पास भारतीय सीमा क्षेत्र में घुसे एक ड्रोन को BSF और पंजाब पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बरामद किया गया है। तलाशी के दौरान ड्रोन के साथ पिस्टल और कारतूस भी मिलने की जानकारी सामने आई है।
सूचना मिलते ही शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन
जानकारी के मुताबिक, सीमा क्षेत्र में ड्रोन की गतिविधि की सूचना BSF को मिली थी। इसके बाद स्थानीय पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस चौकी घुबाया के प्रभारी अभिषेक शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कई घंटों तक चले तलाशी अभियान के दौरान टीमों ने आसपास के खेतों और संदिग्ध स्थानों की गहन जांच की।
धान के खेत से मिला ड्रोन और हथियार
तलाशी के दौरान टाहलीवाला गांव के पास धान के खेत से एक ड्रोन बरामद किया गया। ड्रोन के साथ हथियारों की खेप भी मिली, जिसमें एक पिस्टल और कारतूस शामिल बताए जा रहे हैं।
सुरक्षा एजेंसियां अब बरामद ड्रोन और हथियारों की जांच कर रही हैं। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि ड्रोन किस दिशा से भारतीय क्षेत्र में दाखिल हुआ था और हथियारों की यह खेप किसके लिए भेजी गई थी।
सीमा क्षेत्र में ड्रोन के जरिए हथियार और नशीले पदार्थ भेजे जाने की घटनाओं को देखते हुए BSF और पंजाब पुलिस की ओर से इलाके में निगरानी और तलाशी अभियान को और तेज किया गया है।






