
बेंगलुरु।कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के पास शनिवार सुबह बेंगलुरु-मैसूर एक्सप्रेसवे पर केरल स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (KSRTC) की एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में बस के ड्राइवर और कंडक्टर की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, हादसा बेंगलुरु से करीब 32 किलोमीटर दूर बिदादी इलाके में हुआ। दुर्घटना का शिकार हुई सुपर डीलक्स बस केरल के कोझिकोड से बेंगलुरु जा रही थी।
ड्राइवर और कंडक्टर की मौत
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसे में बस के ड्राइवर और कंडक्टर को गंभीर चोटें आई थीं। इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। वहीं, 14 यात्रियों को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों के अनुसार, अस्पताल में भर्ती यात्रियों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
हालांकि, अन्य सूत्रों के मुताबिक हादसे में घायल यात्रियों की संख्या 20 है।
हादसे की जांच जारी
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और बस दुर्घटना का सटीक कारण क्या था, इसकी जांच की जा रही है।






