डिजिटल अरेस्ट का बड़ा मामला, फर्जी अफसरों ने रिटायर्ड महिला से ठगे 1.58 करोड़

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां रिटायर्ड लैब टेक्नीशियन मीनाक्षी नाखरे से फर्जी IPS, CBI और RBI अधिकारी बनकर ठगों ने 1 करोड़ 58 लाख 90 हजार रुपये की ठगी कर ली। जालसाजों ने महिला को काले धन और गिरफ्तारी का डर दिखाकर 37 दिनों तक डिजिटल अरेस्ट रखा। ठगों ने दावा किया कि उनके नाम से चल रहे मोबाइल नंबर का इस्तेमाल अपराध में हो रहा है और उनके खाते में 6 करोड़ रुपये से ज्यादा का काला धन है। डराकर उनसे अलग-अलग किस्तों में रकम ट्रांसफर कराई गई। वीडियो कॉल पर फर्जी पुलिस मुख्यालय जैसा सेटअप दिखाकर ठगों ने भरोसा भी दिलाया। पीड़िता के अनुसार, रकम केरल, कोलकाता, रायपुर और नासिक के अलग-अलग बैंक खातों में भेजी गई। जब ठगों ने मोबाइल नंबर बंद कर दिए तो महिला को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







