अंतरराष्ट्रीय चंद्र मिशन मिशन शक्तिसैट : नेशनल फाइनलिस्ट में चयनित होने वाली रागनी छत्तीसगढ़ की इकलौती प्रतिभागी

महासमुंद। शासकीय आशीबाई गोलछा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महासमुंद की छात्रा रागनी साहू ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए अंतरराष्ट्रीय चंद्र मिशन मिशन शक्तिसैट के लिए नेशनल फाइनलिस्ट के रूप में चयनित होकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है क्योंकि वह इस मिशन के लिए चयनित होने वाली छत्तीसगढ़ की इकलौती प्रतिभागी हैं। रागनी साहू 22 से 31 अगस्त 2026 तक गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा में आयोजित राष्ट्रीय कार्यशाला में भाग लेंगी। रागनी की इस ऐतिहासिक सफलता पर कलेक्टर विनय लंगेह, जिला शिक्षा अधिकारी बी.एल. देवांगन, जिला मिशन समन्वयक रेखराज शर्मा, विद्यालय के प्राचार्य जी.आर. सिन्हा तथा अटल टिंकरिंग लैब प्रभारी एवं भौतिकी व्याख्याता चंद्रशेखर आदि ने शुभकामनाएं दी हैं।
मिली जानकारी अनुसार अनुसार देशभर से केवल 20 राष्ट्रीय फाइनलिस्ट चुने गए हैं। रागनी ने अटल टिंकरिंग लैब के माध्यम से इस मिशन में भाग लिया और करीब 120 घंटे के ऑनलाइन प्रशिक्षण, 21 मॉड्यूल तथा 550 से अधिक स्पेस और सैटेलाइट विज्ञान से जुड़े पाठ सफलतापूर्वक पूरे किए। इसके बाद तकनीकी मूल्यांकन और राष्ट्रीय स्तर के साक्षात्कार में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की।
यह मिशन विश्व के 108 देशों की भागीदारी वाला अंतरराष्ट्रीय चंद्र अभियान है, जिसके तहत छात्र-छात्राएं दो मून सैटेलाइट विकसित करेंगे। इनमें एक चंद्रमा की कक्षा में स्थापित होगा, जबकि दूसरा चंद्र सतह पर उतरकर वैज्ञानिक प्रयोग करेगा। इस दौरान उन्हें इसरो, इन-स्पेस के वैज्ञानिकों तथा भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला सहित अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त होगा। विद्यार्थियों द्वारा विकसित सैटेलाइट का प्रक्षेपण 11 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से इसरो द्वारा किया जाएगा। यह मिशन अटल इनोवेशन मिशन (नीति आयोग) से संबद्ध है और इसका संचालन स्पेस किड्ज इंडिया द्वारा किया जा रहा है।







