ChhattisgarhRegion

बीजापुर में सुदूर वनांचल के चौक-चौराहे सोलर हाई मास्ट से होंगे रोशन

Share

बीजापुर। जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्रों एवं ग्रामों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के तहत चौक-चौराहों, बाजारों तथा सार्वजनिक स्थलों पर सोलर हाई मास्ट स्थापित किए जा रहे हैं। विशेष रूप से नियद नेल्लानार ग्रामों में यह कार्य तेजी से किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को रात्रि के समय सुरक्षित एवं पर्याप्त प्रकाश की सुविधा मिल सके। पूर्व में इन क्षेत्रों में प्रकाश व्यवस्था के अभाव के कारण ग्रामीणों को रात एवं बरसात के मौसम में आवागमन के दौरान सांप-बिच्छू जैसे जहरीले जीवों का खतरा बना रहता था। कई बार इससे जनहानि एवं अन्य नुकसान भी होता था। अब सोलर हाई मास्ट लगने से इन समस्याओं से काफी हद तक राहत मिलने लगी है और ग्रामीणों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कोण्डापल्ली में 9 मीटर ऊंचे स्टैंड-अलोन पोल पर 1200 वॉट क्षमता के सोलर मॉड्यूल तथा 30-30 वॉट क्षमता की छह एलईडी लाइटें स्थापित की जा रही हैं। इनसे पूरे क्षेत्र में उज्ज्वल सफेद रोशनी उपलब्ध होगी, जिससे रात के समय भी चौक-चौराहे और सार्वजनिक स्थान रोशन रहेंगे। सोलर हाई मास्ट डस्क-टू-डॉन तकनीक पर आधारित है, जो शाम ढलते ही स्वत: चालू हो जाता है और सुबह सूर्य का प्रकाश होने पर अपने आप बंद हो जाता है। इस प्रणाली के संचालन के लिए पारंपरिक विद्युत आपूर्ति की आवश्यकता नहीं होती, जिससे ग्राम पंचायत, नगर पंचायत एवं नगर पालिका पर बिजली बिल का कोई अतिरिक्त आर्थिक भार भी नहीं पड़ता। जिले में सोलर हाई मास्ट की स्थापना से ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा, सुविधा और ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा मिल रहा है। यह पहल वनांचल क्षेत्रों के लोगों के जीवन को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और रोशन बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button