सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ के चार वर्ष पूर्ण, 2 जून को चतुर्थ वार्षिकोत्सव धूमधाम से जाएगा मनाया

रायपुर। चौबे कालोनी स्थित श्री चिंताहरण हनुमान मंदिर में संगीतमय सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ के चार वर्ष पूर्ण होने पर विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी मंगलवार 2 जून को चतुर्थ वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक फूलों से सजाया जाएगा। हनुमान जी का झूला उत्सव भी मनाया जाएगा।
आयोजक श्री हनुमंत सेवा समिति ने बताया कि सुबह 6.45 बजे अग्रसेन चौक स्थित श्री गणेश मंंदिर से श्री चिंताहरण हनुमान मंदिर तक गाजे-बाजे, रामदरबार, बाहुबली हनुमान, जामवंत, वानर की झांकी के साथ भव्य शोभयात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में लाइव भजन की प्रस्तुति तरूण सोनी एण्ड पार्टी द्वारा दिया जाएगा। वहीं अंर्तराष्ट्रीय कलाकार विकास मालवी द्वारा 251 दीए सिर पर रखकर कील व कांच पर मनमोहक धार्मिक नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा। महिलाएं व पुरूष पारंपरिक वेशभूषा में बजरंग बली के पताका लेकर चलेंगे। शोभायात्रा का जगह-जगह स्वागत किया जाएगा।
प्रात: 10 बजे श्री चिंताहरण हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना, ज्योत व सवामणी भोग लगाया जाएगा। 151 श्रद्धालु अपने मनोरथ पूर्ति के लिए हनुमान जी को विशेष भोग लगाकर प्रसाद ग्रहण करेंगे। इस दौरान उन्हें हनुमान जी का गद्दा भी भेंट स्वरूप प्रदान किया जाएगा। संध्या 5.30 बजे छत्तीसगढ़ के मशहूर सिंगर जे.पी. शर्मा व मिनाक्षी राऊत द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। रात्रि 8 बजे सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ, 8.15 बजे आरती व छप्पन भोग, 8.30 बजे आमजनों के लिए भंडारे का आयोजन किया गया है।
जून 2022 से श्री चिंताहरण हनुमान मंदिर में प्रत्येक मंगलवार को संगीतमय सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ आरती उपरांत 7.51 मिनट से किया जाता है। जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते है। पूरे भारत में सामूहिक हनुंमान चालीसा पाठ के वर्षगांठ को सिर्फ चौबे कालोनी स्थित चिंताहरण हनुमान मंदिर में ही भव्य समारोह के तौर पर मनाया जाता है। सुबह से लेकर देर रात तक कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है जिसकी छत्तीसगढ़ सहित अन्य प्रांतों में काफी सराहना हुई है।







