ChhattisgarhCrimeRegion

ड्राइवर को झपकी लेना पड़ा भारी, जिंदा जलाकर मौत

Share

बिलासपुर। रायपुर-कोरबा नेशनल हाईवे पर रविवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में ट्राला चालक की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा समलपुरी ब्रिज के पास सकरी थाना क्षेत्र में हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्राला अनियंत्रित होकर अज्ञात वाहन से जा टकराया। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि ट्राला चालक को झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और सामने चल रहे अज्ञात वाहन से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्राला बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के तुरंत बाद ट्राला में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेज थी कि चालक को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और उसकी मौके पर ही जलकर मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान झारखंड निवासी अरविंद भारद्वाज के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए नेशनल हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए क्षतिग्रस्त वाहन को हटाने का काम शुरू किया, ताकि आवागमन सुचारू रूप से बहाल किया जा सके।
एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसे की वजह चालक को आई झपकी प्रतीत हो रही है। सकरी थाना प्रभारी विजय चौधरी अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button