जनगणना कार्य के लिए प्रशिक्षण केंद्र का जिला पंचायत सीईओ बिश्वरंजन ने किया निरीक्षण

रायपुर।आगामी जनगणना कार्य का सुव्यवस्थित एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से रायपुर जिले में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण प्रारंभ किया गया है। इस संबंध में रायपुर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कुमार बिश्वरंजन ने विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
छत्तीसगढ़ जनगणना निदेशालय एवं कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देशानुसार रायपुर नगर पालिक निगम के सभी जोनों में स्कूलों एवं निर्धारित प्रशिक्षण केंद्रों पर मास्टर ट्रेनर्स द्वारा प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान सीईओ श्री बिश्वरंजन ने निर्देशित किया कि भारत सरकार एवं राज्य जनगणना निदेशालय के दिशा-निर्देशों का पूर्णत: पालन करते हुए 1 मई 2026 से प्रारंभ होने वाले जनगणना के प्रथम चरण के समस्त कार्य निर्धारित समय-सीमा में, पूरी शुद्धता एवं जिम्मेदारी के साथ पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी प्रगणक, पर्यवेक्षक एवं संबंधित अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता से करें।
उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान सभी केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा प्रशिक्षण की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश भी दिए, ताकि मैदानी स्तर पर कार्य निष्पादन में किसी प्रकार की त्रुटि न हो। निरीक्षण के दौरान नगर निगम जनगणना शाखा के प्रभारी अधिकारी एवं उपायुक्त श्री जसदेव सिंह बाबरा, जोन 1 के जनगणना चार्ज अधिकारी श्री अंशुल शर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं मास्टर ट्रेनर्स उपस्थित रहे।






