दीपक बैज बोले- टास्क फोर्स जनाधार बचाने की कोशिश, युवाओं को नहीं मिलेगा फायदा

रायपुर। प्रधानमंत्री द्वारा टास्क फोर्स के गठन को लेकर छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि टास्क फोर्स बनाने से कोई फायदा नहीं होगा, क्योंकि सरकार ने पूरे देश के युवाओं का करियर खराब कर दिया है और युवा आज सड़कों पर हैं। बैज ने आरोप लगाया कि व्यवस्था में बैठे लोगों की वजह से भ्रष्टाचार बढ़ा है और सरकार की नीतियों के कारण युवाओं व किसानों को आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि Gen-Z ने प्रधानमंत्री को “घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया है” और पिछले 12 वर्षों में देश को जो नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई संभव नहीं है। टास्क फोर्स के गठन को उन्होंने सरकार के घटते जनाधार को संभालने की कोशिश बताया। प्रधानमंत्री द्वारा मंत्रियों को रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने की सलाह पर भी बैज ने निशाना साधते हुए कहा कि केवल रील बनाने से कोई फायदा नहीं होगा और देश के युवा अपने अधिकारों के लिए लड़ना जानते हैं। वहीं, 29 जुलाई को दिल्ली में होने वाली कांग्रेस की बैठक को लेकर उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने की पूरी तैयारी हो चुकी है, बैठक में राज्यों के संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा होगी और बारिश के बाद जल, जंगल और जमीन के मुद्दों पर कांग्रेस अपनी आगे की रणनीति तय करेगी।







