फोस्कॉस पोर्टल पर वार्षिक रिटर्न भरने की अंतिम तिथि बढ़ी : अब 15 जून तक जमा कर सकेंगे एफएसएसएआई लाइसेंसधारी

रायपुर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग, जिला रायपुर ने जिले के समस्त एफएसएआई लाइसेंसधारी खाद्य कारोबारकर्ताओं को सूचित किया है कि फोस्कॉस पोर्टल पर वित्तीय वर्ष 2025-26 का वार्षिक रिटर्न जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है।
भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण एफएसएसएआई के नियमानुसार एफएसएआई लाइसेंस धारक खाद्य विनिर्माताओं, रिपैकरों और रिलेबलरों के लिए वार्षिक रिटर्न फॉर्म डीआई दाखिल करना अनिवार्य है। पूर्व में वार्षिक रिटर्न ऑनलाइन जमा करने की अंतिम तिथि 31 मई 2026 निर्धारित थी। खाद्य कारोबारकर्ताओं की सुविधा और तकनीकी कारणों को ध्यान में रखते हुए एफएसएसएआई ने इस तिथि को बढ़ाकर अब 15 जून 2026 कर दिया है। उक्त तिथि के पश्चात वार्षिक रिटर्न भरने पर प्रतिदिन 100 रुपये विलंब शुल्क देय होगा।
संबंधित खाद्य कारोबारी अपना वार्षिक रिटर्न सीधे एफएसएसएआई के आधिकारिक फोस्कॉस पोर्टल फोस्कॉस डॉट एफएसएसएआई डॉट जीओवी डॉट इनपर लॉग-इन कर ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। इसके लिए कार्यालय में भौतिक प्रति जमा करने की आवश्यकता नहीं है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने रायपुर जिले के समस्त एफएसएआई लाइसेंसधारी खाद्य विनिर्माताओं, रिपैकरों और रिलेबलरों से अपील की है कि अंतिम समय में पोर्टल पर सर्वर डाउन जैसी समस्याओं से बचने के लिए निर्धारित अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना जल्द से जल्द अपना वार्षिक रिटर्न दाखिल करें।अधिक जानकारी के लिए खाद्य कारोबारी फोस्कॉस पोर्टल या जिला खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।







