मानसून सत्र का दूसरा दिन सदन में गूंजेंगे नक्सलवाद, धरोहर संरक्षण और अनियमितताओं के मुद्दे

रायपुर में छत्तीसगढ़ विधानसभा के पांच दिवसीय मानसून सत्र का दूसरा दिन हंगामेदार रहने के आसार हैं। सदन की कार्यवाही प्रश्नकाल से शुरू होगी, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित उपमुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री लखन लाल देवांगन और मंत्री गजेंद्र यादव विभिन्न विभागों से जुड़े सवालों के जवाब देंगे। मुख्यमंत्री नक्सलवाद के खिलाफ केंद्र सरकार की कार्रवाई और उपलब्धियों पर आभार प्रस्ताव रखेंगे, जबकि विपक्ष सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश करने की अनुमति मांगेगा। इसके अलावा ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के तहत पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण और जांजगीर-चांपा जिले में परिवार नियोजन प्रोत्साहन राशि के वितरण में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाया जाएगा। विधायक सुशांत शुक्ला, भावना बोहरा और रोहित साहू विभिन्न याचिकाएं प्रस्तुत करेंगे। वहीं, वित्त मंत्री ओपी चौधरी विभिन्न विभागीय पत्र सदन के पटल पर रखेंगे और प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण अधिनियम से संबंधित शासकीय संकल्प प्रस्तुत करेंगे। मंत्री टंक राम वर्मा के साथ मिलकर वे शासकीय विधि विषयक कार्यों को भी पुनःस्थापित करेंगे।







