Chhattisgarh

आज भी बरसेंगे बदल, राजधानी सहित कई जिलों में बारिश का अलर्ट

Share

रायपुर। राज्य में मानसून एक बार फिर पूरी सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी और आसपास बने मौसम तंत्र के प्रभाव से शनिवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में तेज बारिश हुई, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है।
बीते 24 घंटे के दौरान बलरामपुर जिले के कुसमी में सबसे अधिक 28 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इससे पहले बिलासपुर में भी भारी बारिश दर्ज की गई थी। लगातार हो रही बारिश के कारण कई क्षेत्रों में जलभराव और नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने की स्थिति बनी हुई है।
राजधानी में रविवार को दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान लगभग 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। लोगों को घर से निकलते समय बारिश से बचाव के इंतजाम करने की सलाह दी गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिम बंगाल और उत्तरी झारखंड के ऊपर सक्रिय ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण तथा दक्षिण ओडिशा के आसपास बने सिस्टम के कारण प्रदेश में नमी लगातार बनी हुई है। मानसून द्रोणिका भी सक्रिय स्थिति में है, जिससे वर्षा की गतिविधियों को और मजबूती मिल रही है।
मौसम विभाग ने कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर सहित कई जिलों में बारिश की संभावना जताई है। कुछ स्थानों पर तेज वर्षा के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी आशंका है।
मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें तथा मौसम से जुड़ी ताजा चेतावनियों पर नजर रखें।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button