बीएसपी में ईडी (वर्क्स) डिजिटल चैंपियंस ट्रॉफी 2025-26 पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न

भिलाई। सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के मानव संसाधन-ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग द्वारा आयोजित ईडी (वर्क्स) डिजिटल चैंपियंस ट्रॉफी 2025-26 के पुरस्कार वितरण समारोह में डिजिटल नवाचार एवं एआई आधारित कार्यस्थल समाधान विकसित करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कार्यपालक निदेशक (संकार्य) श्री राकेश कुमार रहे। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के मुख्य महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, महाप्रबंधक, निर्णायक मंडल के सदस्य, प्रतिभागी एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
प्रतियोगिता में विजेता ऑटोमेशन एवं डिजिटलीकरण विभाग की टीम रही, जिसमें सुश्री अनुराधा ध्रुव, बी. वेंकट अप्पाराव एवं श्री तलासमुद्रम राजेश शामिल थे। वहीं प्रथम उपविजेता स्थान बीआरएम विभाग की टीम ने प्राप्त किया, जिसमें भिमांशु कच्छप, बेहरा वामसी एवं सैतान सिंह मीणा शामिल रहें। यूनिवर्सल रेल मिल (यूआरएम) विभाग के प्रसाद गौडू, सुश्री संज्योति तिर्के एवं सुधीर यादव की टीम तृतीय स्थान पर रही। विजेता टीम के प्रत्येक सदस्य को 15,000 प्रथम उपविजेता टीम के प्रत्येक सदस्य को 10,000 तथा द्वितीय उपविजेता टीम के प्रत्येक सदस्य को 5,000 की नगद पुरस्कार राशि, ट्रॉफी एवं प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
राकेश कुमार ने प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि डिजिटल तकनीकों एवं नवाचार आधारित दृष्टिकोण का उपयोग कार्यस्थल की चुनौतियों के समाधान एवं परिचालन दक्षता में वृद्धि हेतु अत्यंत महत्वपूर्ण है। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की पहलें बीएसपी में डिजिटल रूप से सशक्त एवं नवाचार-उन्मुख कार्यसंस्कृति विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं, जो सेल के इंडस्ट्री 4.0 विज़न के अनुरूप है।
प्रतियोगिता में कुल 14 टीमों ने तकनीकी शोध-पत्र प्रस्तुत किए, जिनमें से 13 टीमों ने प्रस्तुतीकरण चरण के लिए क्वालीफाई किया। प्रतिभागियों का मूल्यांकन नवाचार, व्यवहारिक उपयोगिता, क्रियान्वयन क्षमता एवं संगठनात्मक लाभ जैसे मानकों के आधार पर किया गया। निर्णायक मंडल में मुख्य महाप्रबंधक (ऑटोमेशन एवं डिजिटलीकरण) रवि शंकर, महाप्रबंधक (सी एंड आईटी) अजय सचदेव तथा महाप्रबंधक (यूआरएम) श्री शिशिर शुक्ला शामिल थे।







