Chhattisgarh
भाजपा नेता हत्याकांड का आरोपी चुनाव मैदान में, जेल से लाकर भरवाया गया नामांकन

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से राजनीति का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां भाजपा नेता की हत्या के आरोप में जेल में बंद आरोपी अब उसी सीट से चुनाव मैदान में उतर गया है, जो हत्या के बाद खाली हुई थी। मामला पोड़ी उपरोड़ा जनपद पंचायत क्षेत्र की बिझरा सीट का है। हत्या के आरोपी मुस्ताक अहमद को सोमवार को कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच बिलासपुर जेल से नामांकन दाखिल कराने लाया गया, जहां उसने जनपद सदस्य पद के लिए अपना नामांकन भरा। बताया जा रहा है कि 23 दिसंबर को ग्राम केशलपुर में भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व जनपद उपाध्यक्ष अक्षय गर्ग की कुल्हाड़ी और चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई थी। पुलिस जांच में राजनीतिक रंजिश को हत्या की मुख्य वजह माना गया और मामले में मुस्ताक अहमद को मुख्य आरोपी बनाकर गिरफ्तार किया गया था, जो फिलहाल जेल में बंद है।







