SSP के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर ठगी की कोशिश, पुलिस ने किया अलर्ट

छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में साइबर ठगी का नया मामला सामने आया है, जहां साइबर अपराधियों ने सरगुजा एसएसपी राजेश अग्रवाल के नाम और तस्वीर का इस्तेमाल कर फर्जी फेसबुक आईडी बना ली। इस फर्जी प्रोफाइल के जरिए ठग लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजकर मोबाइल नंबर और अन्य निजी जानकारी हासिल करने की कोशिश कर रहे थे। मामले की जानकारी मिलने के बाद एसएसपी राजेश अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि यह फेसबुक प्रोफाइल पूरी तरह फर्जी है और इसका उनसे कोई संबंध नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि ऐसी किसी भी संदिग्ध आईडी पर भरोसा न करें और अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से बचें। एसएसपी ने बताया कि मामले की शिकायत साइबर सेल में दर्ज करा दी गई है और फर्जी प्रोफाइल हटाने के लिए मेटा कंपनी को भी सूचना भेजी गई है। पुलिस अब फर्जी आईडी संचालित करने वालों की पहचान करने में जुटी है। इससे पहले भी सरगुजा और बलरामपुर के कलेक्टरों के नाम से फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाकर ठगी के प्रयास किए जा चुके हैं। लगातार बढ़ रहे ऐसे मामलों को देखते हुए पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल साइबर सेल या पुलिस को देने की अपील की है।






