विवाह का झांसा देकर 12 वर्ष तक शारीरिक शोषण करने वाला आरोपी गिरफ्तार

कोंडागांव। जिले की बयानार पुलिस ने विवाह का झांसा देकर एक युवती का 12 वर्ष तक शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी दशमन नेताम गांव में ही मौजूद है और पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे शुक्रवार काे न्यायिक रिमांड पर रवाना किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 10 जून को पीड़िता ने बयानार थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि ग्राम चेरंग स्कूलपारा निवासी दशमन नेताम के साथ उसका पिछले 12 वर्षों से प्रेम संबंध था। इस दौरान आरोपी ने विवाह का वादा कर उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता ने आरोप लगाया कि वह कई बार गर्भवती हुई, लेकिन आरोपी दशमन नेताम ने उसे दवाइयां देकर गर्भपात कराया। उसने यह भी बताया कि गांव के सरपंच, पटेल और अन्य ग्रामीणों की मौजूदगी में सामाजिक स्तर पर मामले का समाधान निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपी ने शादी से साफ इनकार कर दिया। शिकायत में पीड़िता ने यह भी उल्लेख किया कि 6 जून को आरोपी ने उसके साथ जबरदस्ती की थी।







