रेल मदद ऐप के माध्यम से रायपुर रेल मंडल यात्रियों को उपलब्ध करा रहा है त्वरित चिकित्सा सहायता

रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का रायपुर रेल मंडल का वाणिज्य कंट्रोल में संचालित रेलमदद टीम यात्रियों की स्वास्थ्य सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रेलमदद प्लेटफॉर्म के माध्यम से चौबीसों घंटे त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध करा रहा है। यात्रा के दौरान किसी भी यात्री की तबीयत खराब होने अथवा चिकित्सकीय सहायता की आवश्यकता होने पर रेलमदद के माध्यम से सूचना प्राप्त होते ही रेलवे के वाणिज्य एवं चिकित्सा विभाग एवं स्टेशन प्रबंधन की टीम समन्वित रूप से सक्रिय होकर संबंधित स्टेशन पर डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ, आवश्यक दवाइयों तथा अन्य जरूरी चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करती है।
वित्तीय वर्ष 2026-27 में 1 अप्रैल से 31 जुलाई तक रायपुर रेल मंडल द्वारा रेलमदद के माध्यम से प्राप्त 580 चिकित्सा सहायता संबंधी मामलों का सफलतापूर्वक निराकरण किया गया। इनमें 553 मामले ट्रेनों में यात्रा कर रहे यात्रियों से संबंधित थे, जबकि 27 मामलों में रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई। पिछले वित्तीय वर्ष 2025-26 में रायपुर रेल मंडल द्वारा रेलमदद के माध्यम से प्राप्त 1,129 चिकित्सा सहायता संबंधी मामलों का सफलतापूर्वक निराकरण किया गया। इनमें 1,074 मामले ट्रेनों में यात्रा कर रहे यात्रियों से संबंधित थे, जबकि 55 मामलों में रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई। प्रत्येक शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कंट्रोल कार्यालय, चिकित्सा विभाग, स्टेशन प्रबंधन, ट्रेन स्टाफ एवं रेलमदद टीम के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित कर यात्रियों तक समय पर सहायता पहुँचाई गई।
रेलमदद केवल शिकायत निवारण का माध्यम ही नहीं, बल्कि यात्रियों के लिए एक संवेदनशील एवं जीवनरक्षक सहायता प्रणाली के रूप में भी कार्य कर रही है। रायपुर रेल मंडल द्वारा उपलब्ध कराई गई चिकित्सा सहायता के दौरान अनेक ऐसे अवसर आए, जब समय पर की गई कार्रवाई ने यात्रियों एवं उनके परिजनों को बड़ी राहत प्रदान की।
इन सभी मामलों में रायपुर रेल मंडल का वाणिज्य विभाग एवं चिकित्सा विभाग, स्टेशन प्रबंधन, कंट्रोल कार्यालय, ट्रेन टीटीई स्टाफ एवं रेलमदद टीम के समन्वित प्रयासों से यात्रियों को समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराई गई। सहायता प्राप्त करने वाले अनेक यात्रियों एवं उनके परिजनों ने रेलमदद प्लेटफॉर्म पर सकारात्मक प्रतिक्रिया (एसिलेंट फीड बैक) दर्ज करते हुए रेलवे कर्मचारियों की संवेदनशीलता, तत्परता एवं मानवीय दृष्टिकोण की सराहना की।यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की चिकित्सा, सुरक्षा अथवा अन्य सहायता की आवश्यकता होने पर वे रेलमदद मोबाइल ऐप, रेलमदद पोर्टल अथवा रेलवे हेल्पलाइन 139 के माध्यम से तत्काल सूचना दें। सूचना प्राप्त होते ही संबंधित विभागों के समन्वय से यथाशीघ्र सहायता उपलब्ध कराई जाती है।







