ChhattisgarhRegion

सीआरपीएफ द्वितीय वाहिनी की तिरंगा बाइक रैली ने राष्ट्रीय एकता का दिया संदेश

Share

सुकमा । देशव्यापी अभियान ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के तहत मंगलवार को सीआरपीएफ की द्वितीय वाहिनी द्वारा वाहिनी मुख्यालय सबरीनगर से सुकमा नगर के प्रमुख मार्गों तक भव्य तिरंगा मोटरसाइकिल रैली निकाली गई। रैली का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाना तथा नागरिकों में राष्ट्र के प्रति गौरव और समर्पण की भावना को मजबूत करना था। रैली का शुभारंभ द्वितीय वाहिनी के कमांडेंट कमलेश कुमार के नेतृत्व में हुआ। इस दौरान द्वितीय कमान अधिकारी विवेक सक्सेना, द्वितीय कमान अधिकारी अश्वनी कुमार मिश्रा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. पंकज कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिकारियों और जवानों ने भाग लिया।
कमांडेंट कमलेश कुमार ने कहा कि यह पहल राष्ट्रीय एकता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित की गई है। उन्होंने नागरिकों से ऐसे सकारात्मक कार्यक्रमों में भाग लेकर समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारत विविधताओं वाला देश है और इसकी अखंडता एवं एकता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
रैली के दौरान जवानों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के जोशीले नारे लगाए। देशभक्ति गीतों की गूंज से पूरा वातावरण राष्ट्रप्रेम से सराबोर हो गया। साथ ही आमजन को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट पहनने और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश भी दिया गया। रैली मार्ग पर स्थानीय नागरिकों ने जगह-जगह तिरंगा बाइक रैली का स्वागत किया और इसकी सराहना की। आयोजन के माध्यम से युवाओं और आमजन में देशभक्ति, अनुशासन तथा राष्ट्रीय दायित्वों के प्रति जागरूकता का प्रभावी संदेश दिया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित, राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रति समर्पण के संकल्प के साथ हुआ।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button