घर से खेलने निकला छात्र बना हत्या का शिकार, जंगल में मिला शव

अंबिकापुर के उदयपुर थाना क्षेत्र के टिहरी जंगल में 9वीं कक्षा के 15 वर्षीय छात्र वीरेंद्र कंवर की बेरहमी से हत्या कर दी गई। छात्र का शव शुक्रवार सुबह जंगल में मिला, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, ग्राम सलका निवासी वीरेंद्र गुरुवार शाम घर से खेलने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, मगर कोई जानकारी नहीं मिली। अगले दिन योग करने पहुंचे लोगों ने जंगल में शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच में पाया कि छात्र के शरीर पर चोट के कई निशान हैं और चेहरे को भारी पत्थर से कुचला गया है, जबकि पैर में भी गंभीर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वीरेंद्र सलका हाईस्कूल में कक्षा 9वीं का छात्र था। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।







