Chhattisgarh

चार बाइक सवार बदमाशों ने सराफा व्यापारी को लूटा, सिर पर वार कर हुए फरार

Share

छत्तीसगढ़ के भाटापारा क्षेत्र में गुरुवार सुबह दिनदहाड़े सराफा व्यापारी से लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई। ग्राम रोहरा के सराफा व्यापारी बलराम सोनी अपनी दुकान खोलने जा रहे थे, तभी ग्राम तरेंगा के बाहर सुनसान रास्ते पर चार बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने हथियार दिखाकर व्यापारी को धमकाया और विरोध करने पर बंदूक की बट से उनके सिर पर हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी व्यापारी के पास मौजूद सोने-चांदी के जेवरात लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आरोपियों की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी की गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ संभावित फरार मार्गों की भी जांच कर रही है। उल्लेखनीय है कि इसी मार्ग पर पहले भी दो सराफा व्यापारियों से लूट की घटनाएं हो चुकी हैं, जिनके आरोपियों का अब तक पता नहीं चल सका है। एक बार फिर उसी इलाके में हुई इस वारदात के बाद व्यापारी वर्ग में दहशत और आक्रोश का माहौल है। वहीं पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

GLIBS WhatsApp Group
Show More
Back to top button